

शादी से इनकार पर युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला
नाबालिग से शादी नहीं होने पर भड़का युवक, पुलिस से भागते समय खुद भी हुआ घायल
युवती के पिता पर ताबड़तोड़ वार कर भागा आरोपी, फुटेज के आधार पर पुलिस ने दबोचा
कुदुदंड में दिनदहाड़े चाकूबाजी, आरोपी की करतूत CCTV में रिकॉर्ड, पुलिस जांच जारी

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। “मैं इश्क़ उसका, वो आशिकी है मेरी, वो लड़की नहीं ज़िंदगी है मेरी…” वर्ष 2004 में रिलीज हुई फिल्म वादा का यह गीत प्रेम की गहराई और समर्पण को दर्शाता है। लेकिन जब प्रेम जुनून में बदल जाए और जिद हदें पार कर दे, तो वह खतरनाक रूप भी ले सकता है। बिलासपुर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध के बावजूद शादी नहीं होने से नाराज युवक ने युवती के पिता पर दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी वारदात गैराज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड की है। जानकारी के अनुसार, 1 जून को युवती के पिता अपनी बाइक की मरम्मत कराने एक गैराज पहुंचे थे। इसी दौरान शाहिल मरावी चाकू लेकर वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पहले पीछे से पीठ पर वार किया, फिर गर्दन पकड़कर सीने पर ताबड़तोड़ चाकू से हमले किए। अचानक हुई इस घटना से गैराज में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हमले के बावजूद घायल पिता ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने आरोपी का विरोध करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन शाहिल मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रेम संबंध से शुरू हुआ विवाद, शादी से इनकार के बाद बढ़ी नाराजगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहिल मरावी का घायल व्यक्ति की बेटी से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि शुरुआती दौर में युवती के परिजन विवाह के लिए तैयार थे, क्योंकि उन्हें लगा था कि युवक उनके ही समाज से संबंधित है। हालांकि बाद में युवक की मां के दूसरे समाज से होने की जानकारी मिलने पर परिवार ने शादी से साफ इनकार कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, इसके बाद परिवार ने मकान बदलने की तैयारी भी शुरू कर दी थी। पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज शाहिल लगातार युवती और उसके परिजनों पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। जब उसकी कोशिशें नाकाम रहीं तो उसने गुस्से में युवती के पिता को निशाना बना लिया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली वारदात की परतें
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का गैराज में पहुंचना और हमला करना स्पष्ट दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उसकी घेराबंदी की गई।
पुलिस से बचने की कोशिश में खुद हुआ घायल
सिविल लाइन पुलिस की टीम जब आरोपी के करीब पहुंची तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने लगा। हालांकि जल्दबाजी में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा। गिरने से उसके पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
हिरासत में आरोपी, मामले की जांच जारी
सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के हर पहलू की गहन जांच कर रही है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।