

सूटकेस में छुपाकर ले जा रहा था लाखों की नकदी, रेलवे स्टेशन पर धराया
गश्त के दौरान पुलिस की सतर्कता से खुला मामला, 17.90 लाख रुपए जब्त
टेगनमाड़ा स्टेशन पर संदिग्ध युवक पकड़ा, बैग-सूटकेस से निकले नोटों के बंडल
10, 20 और 50 के नए नोटों से भरे मिले 81 बंडल, पूछताछ जारी
एसीसीयू और बेलगहना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, रकम का नहीं दे पाया जवाब

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। कोटा बेलगहना चौकी क्षेत्र में पुलिस और ए.सी.सी.यू. की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। गश्त के दौरान मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया, जिसके पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, चौकी बेलगहना पुलिस एवं ए.सी.सी.यू. बिलासपुर की टीम क्षेत्र में अपराध विवेचना के तहत गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो सूटकेस और एक बैग में रखे 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 17 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इतनी बड़ी रकम को संदिग्ध मानते हुए बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से नकदी के स्रोत और उपयोग को लेकर पूछताछ जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी बेलगहना पुलिस और ए.सी.सी.यू. बिलासपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।