बप्पा की विदाई… शहर में ट्रैफिक का इम्तिहान… पुलिस ने तैयार किया रूट प्लान

0 पचरी घाट और छठ घाट में विसर्जन, कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
0 शोभायात्रा-जुलूस के दौरान कई सड़कें डायवर्ट, पुलिस बल के साथ समितियों के वालेंटियर भी संभालेंगे व्यवस्था
0 सरकंडा-मोपका की झांकियां छठ घाट और शहर के दूसरे क्षेत्रों की प्रतिमाएं पचरी घाट पहुंचेंगी
0 देवकीनंदन चौक से पचरी घाट तक प्रमुख मार्गों पर रहेगी नजर, कई कनेक्टिंग रोड से बदलेगा आवागमन
0 पचरी और छठ घाट के लिए अलग-अलग रूट तय, भीड़ बढ़ी तो तत्काल बदले जा सकते हैं मार्ग

ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन का ग्राफ।

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट प्लान जारी किया है। पचरी घाट हैप्पी स्ट्रीट और सरकंडा के छठ घाट को प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित किया गया है। शोभायात्रा, झांकी और जुलूस के दौरान भीड़ वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। कुछ स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें।

सरकंडा-मोपका की झांकियां छठ घाट जाएंगी

यातायात पुलिस के अनुसार सरकंडा, मोपका सहित आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाली गणेश प्रतिमाओं की शोभायात्रा और जुलूस को छठ घाट सरकंडा की ओर ले जाने की व्यवस्था की गई है। वहीं कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा सहित शहर के अन्य क्षेत्रों से आने वाली प्रतिमाओं के लिए पचरी घाट को विसर्जन स्थल निर्धारित किया गया है। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली शोभायात्राओं का यातायात एक ही स्थान पर केंद्रित नहीं होगा।

इन प्रमुख मार्गों से होकर निकलेंगी शोभायात्राएं

गणेश विसर्जन के दौरान देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, गांधी चौक और पचरी घाट प्रमुख रूट रहेंगे। इन मार्गों पर यातायात एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इनसे जुड़ने वाले कनेक्टिंग मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार डायवर्जन किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से शोभायात्रा और जुलूस के दौरान इन मार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर नहीं जाने की अपील की है।

कई जगहों पर वाहनों की एंट्री रहेगी प्रतिबंधित

जनसुविधा और सुगम आवागमन के लिए पेट्रोल पंप, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम ऑडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, करोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री-वाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर हॉस्पिटल मार्ग, गांधी चौक और जूना बिलासपुर सहित कई स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित या मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर मौके पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों के निर्देश के अनुसार वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

समितियों से वालेंटियर रखने की अपील

यातायात पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों से पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने की अपील की है। शोभायात्रा और जुलूस के दौरान अत्यधिक भीड़ होने पर ये स्वयंसेवक यातायात पुलिस के सहयोगी के रूप में भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद करेंगे। पुलिस का कहना है कि समितियों के वालेंटियर सक्रिय सहयोग करें तो जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

विसर्जन के लिए दो प्रमुख घाट निर्धारित


पचरी घाट हैप्पी स्ट्रीट: कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा समेत शहर के प्रमुख क्षेत्रों से आने वाली प्रतिमाओं के लिए।

छठ घाट व सरकंडा : सरकंडा, मोपका और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली प्रतिमाओं के लिए।

पुलिस की अपील
– शोभायात्रा वाले प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचें।
– यातायात पुलिस के डायवर्जन और निर्देशों का पालन करें।
– गणेश समितियां पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखें।
– भीड़ वाले क्षेत्रों में छोटे वाहनों का उपयोग करें।
– संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन से आवागमन करें।