
कमी का रोना, अंदर भरा था गोदाम, मुक्तिधाम के पास छापा, सैकड़ों सिलेंडर जब्त
खाद्य विभाग की कार्रवाई में बड़ा भंडाफोड़, अवैध भंडारण से भरा मिला पूरा नेटवर्क
रेगुलेटर-बर्नर समेत पूरा सेटअप जब्त, मचा हड़कंप

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों सिलेंडर और उपकरण जब्त किए हैं। शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास की गई छापामार कार्रवाई में अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा सामने आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि बड़ी मात्रा में घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडर अवैध रूप से जमा कर कालाबाजारी के उद्देश्य से रखे गए थे। कार्रवाई के दौरान 14.2 किलोग्राम के 100 घरेलू गैस सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 263 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, 8 बोरियों में भरे रेगुलेटर, 6 कार्टून तथा 25 नग खुले में रखे उपकरण और 25 प्रेशर वॉल (5-5 के बंडल में) भी जब्त किए गए।
विभाग ने मौके पर ही पूरी सामग्री जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार यह पूरा भंडारण अवैध था और इसका उद्देश्य अधिक कीमत पर सिलेंडरों की बिक्री करना था।

खाद्य विभाग द्वारा जिले में एलपीजी वितरण को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अब तक 8 प्रकरणों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध कारोबारियों में डर का माहौल है।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने स्पष्ट किया कि जिले की सभी 35 गैस एजेंसियों में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है और गैस की बुकिंग नियमानुसार कर निर्धारित दरों पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और शिकायत मिलने पर तत्काल छापामार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके।