नाबालिगों को लग्जरी गाड़ी का सपना पड़ा भारी: जेवर चोरी, दोस्तों ने ही कर दी ठगी

थार खरीदने के लिए बनाई थी प्लानिंग, नकली जेवर देकर साथी ने ही काटा खेल; पुलिस जांच में जुटी
घर से असली जेवर लाया युवक, साथियों ने नकली देकर किया धोखा; सस्ते में बेचकर जुटा रहे थे रकम
नाबालिगों की साजिश का खुलासा, ज्वेलर को कम कीमत में बेचे जेवर
असली-नकली के खेल में फंसे नाबालिग, घरवालों को पता चलते ही खुला पूरा राज
गांधी चौक के ज्वेलर तक पहुंचा माल, कम कीमत में सौदा, पुलिस ने शुरू की सख्त कार्रवाई

File Photo

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। शहर के सरकंडा क्षेत्र में नाबालिगों और युवकों की एक हैरान करने वाली साजिश सामने आई है। लग्जरी गाड़ी खरीदने की चाहत में युवकों ने अपने ही घरों से जेवर चुराने का प्लान बनाया। लेकिन इस प्लान में ट्विस्ट तब आ गया, जब दोस्तों ने ही एक युवक को नकली जेवर थमाकर धोखा दे दिया। मामले के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लग्जरी थार खरीदने बनाई थी पूरी स्क्रिप्ट
जानकारी के मुताबिक, युवकों ने मिलकर महंगी गाड़ी खरीदने का सपना देखा और इसके लिए शॉर्टकट अपनाने की योजना बनाई। प्लान के तहत एक युवक अपने घर से जेवर चोरी कर ले आया। बाकी दोस्तों ने भी जेवर लाने की बात कही, लेकिन उन्होंने असली की जगह नकली जेवर लाकर दे दिए। अनजान युवक को इस धोखे का पता नहीं चला और सभी मिलकर जेवर बेचने की तैयारी में जुट गए।

कोतवाली लिंक से ज्वेलर तक पहुंचा माल
युवकों ने जेवर बेचने के लिए कोतवाली क्षेत्र के एक युवक प्रियांशु से संपर्क किया। उसके जरिए गांधी चौक के पास एक ज्वेलरी कारोबारी को जेवर बेचे गए। पहली डील में करीब 4 लाख रुपए मिले, जबकि जेवर की असली कीमत इससे कहीं ज्यादा बताई जा रही है। बाद में धीरे-धीरे बाकी जेवर भी खपाए गए।

घरवालों को भनक लगी तो खुला पूरा खेल
मामले का खुलासा तब हुआ, जब युवक के परिवार वालों को घर से जेवर गायब होने की जानकारी मिली। पूछताछ में बेटे ने पूरी साजिश उगल दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

दोस्तों की चालबाजी से खुद ही फंस गए आरोपी
जांच में सामने आया कि जिस युवक ने असली जेवर चोरी किए, उसे उसके दोस्तों ने नकली जेवर देकर ठग लिया। यानी साजिश में शामिल दोस्त ही एक-दूसरे को धोखा दे रहे थे। इस कारण पूरा मामला और उलझ गया।

पुलिस की कार्रवाई: कई हिरासत में, जेवर बरामद
सरकंडा पुलिस ने मामले में कई युवकों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है। एक आरोपी के पिता ने भी पुलिस को जानकारी देते हुए खरीदार से जेवर वापस मंगवाकर सौंप दिए। फिलहाल पुलिस अन्य जेवरों की बरामदगी और इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान में जुटी है।

रसूखदार परिवारों के बच्चों के नाम भी आए सामने
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कुछ प्रभावशाली परिवारों के बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की तैयारी में है।