
दोपहर 2 बजे से आयोजन, होली मिलन समारोह से मजबूत होंगे आपसी समन्वय और रिश्ते, अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने की गरिमामयी उपस्थिति की अपील

पत्रकार साथियों व आमंत्रित अतिथियों के लिए आत्मीय मिलन का अवसर, सांस्कृतिक प्रस्तुति और स्नेह-भेंट का आयोजन

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब कार्यकारिणी (कार्यकाल 2025-27) द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह एवं फाग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रंग, उमंग और आपसी सद्भाव के माहौल में आयोजित यह कार्यक्रम पत्रकार साथियों और आमंत्रित अतिथियों के लिए आत्मीय मिलन का अवसर बनेगा। आयोजन 3 मार्च 2026, मंगलवार को दोपहर 2 बजे से प्रेस क्लब परिसर में होगा।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक फाग गीतों की गूंज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आपसी स्नेह-भेंट का सिलसिला चलेगा। होली के पावन अवसर पर भाईचारे, संवाद और सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रेस क्लब परिसर को भी पारंपरिक साज-सज्जा से सजाया जाएगा, जिससे उत्सव का उल्लास और बढ़ेगा।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने सभी सदस्यों और पत्रकार साथियों से आग्रह किया है कि वे अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल आपसी संबंध मजबूत होते हैं, बल्कि संगठन की एकजुटता भी सुदृढ़ होती है।
प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार ने बताया कि होली मिलन समारोह केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकार साथियों के बीच समन्वय और संवाद को मजबूत करने का माध्यम है। प्रेस क्लब सदैव सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजते हुए सदस्यों के बीच आत्मीयता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव ने भी अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है। कार्यकारिणी ने समस्त पत्रकार साथियों एवं आमंत्रित अतिथियों से सादर उपस्थिति का अनुरोध किया है, ताकि होली का यह उत्सव पारंपरिक उल्लास, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।