बिजली विभाग का बड़ा एक्शन: 81 बकायादारों के कनेक्शन कटे, सकरी उपसंभाग में विशेष अभियान, 46 उपभोक्ताओं से 5 लाख से ज्यादा की वसूली

81 उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई बंद, अभियान में 46 बकायादारों से 5.09 लाख रुपए वसूले
अभियान चलाकर विभाग ने की सख्त कार्रवाई, बड़े बकायादारों पर भी गिरी गाज
सकरी क्षेत्र में 8 टीमों की कार्रवाई, 81 कनेक्शन काटे, 5 लाख से ज्यादा की वसूली

विद्युत विभाग की टीम।

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सकरी उपसंभाग में विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 81 बकायादार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, वहीं 46 उपभोक्ताओं से 5 लाख 9 हजार 828 रुपए की बकाया राशि वसूल की गई।
यह कार्रवाई बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबष्ट के निर्देश और अधीक्षण यंत्री सुरेश कुमार जांगड़े के मार्गदर्शन में की गई। विभाग की ओर से बकाया वसूली और लाइन विच्छेदन के लिए कुल 8 टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर बकायादारों पर कार्रवाई की।
विद्युत विभाग के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान कई बड़े बकायादारों पर भी कार्रवाई की गई। असमा कॉलोनी के 7 कनेक्शनों पर कुल 15 लाख 36 हजार रुपए बकाया पाए जाने पर उनके कनेक्शन काटे गए।
इसके अलावा ग्राम मेंड्रा के राजकुमार पर 83,974 रुपए, संस्कृति विहार की साधना सूर्यवंशी पर 64,731 रुपए, पंकज कुमार पर 62,164 रुपए, असमा सिटी के राजेश वर्मा पर 51,006 रुपए, सकरी की पूजा साहू पर 44,233 रुपए और श्यामा साहू पर 44,016 रुपए बकाया पाए गए।
इसी तरह ग्राम सईदा के दीपक कुमार सूर्यवंशी पर 40,837 रुपए, सागरदीप के अनिल कुमार गुप्ता पर 39,120 रुपए, ग्राम सईदा की श्याम बाई पर 37,458 रुपए, रामा लाइफ सिटी के तरुण कुमार त्रिवेदी पर 37,116 रुपए और सकरी के परदेशी पर 35,779 रुपए बकाया पाए जाने पर उनके बिजली कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान में कार्यपालन यंत्री सिटी विजिलेंस सी.पी. गढ़ेवाल, एस.के. मुख्तार, श्रीमती पूर्णिमा सिंह, अनुपम सरकार, सहायक यंत्री प्रमोद कुमार चौबे, जीतेश दिव्य, वरदान खलखो, कनिष्ठ यंत्री कु. कंचन खूंटे सहित सकरी उपसंभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।