

बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सम्बलपुरी के यादव ढाबा के सामने तड़के 2 बजे हादसा; शादी की सालगिरह से लौट रहे थे सभी, एक गंभीर घायल सिम्स में भर्ती

रतनपुर से विजय बढ़ई की रिपोर्ट @ बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।

घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। ट्रेलर क्रमांक CG-11-BD-9044 रतनपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG-04-MQ-4220 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर ने पास खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलटी मार दी।

हादसे का खौफनाक दृश्य पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि ट्रेलर रॉन्ग साइड से आकर सीधे स्कॉर्पियो से टकराया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, डायल-112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की सांसें थम चुकी थीं।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुवागांव, विशाल लहरें (25), अनमोल लहरें (14) निवासी बिरगहनी जिला मुंगेली और सोनू मिरी (28) निवासी कोटा के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह से लौट रहे थे। खुशियों से भरी रात कुछ ही पलों में मातम में बदल गई।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों की एक और दर्दनाक मिसाल बन गया है।