राजवाड़ा पैलेश के बाहर देर रात ‘डीजे-धुमाल’ पर पुलिस का शिकंजा, तेज आवाज और जाम, आयोजक व संचालक गिरफ्तार

शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई, साउंड सिस्टम समेत वाहन जब्त

जब्त धुमाल पार्टी का वाहन जिसमें लोहे का स्ट्रक्चर लगा हुआ।


यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में देर रात तेज आवाज में डीजे/धुमाल बजाने और आवागमन बाधित करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को युदनंदन नगर, सेक्टर-डी स्थित राजवाड़ा पैलेश में एक वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान पैलेश के सामने तेज ध्वनि में डीजे-धुमाल बजाए जाने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और राहगीरों को परेशानी होने लगी।

रात्रि लगभग 10:40 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि राजवाड़ा पैलेश के बाहर तेज आवाज में डीजे बजने से यातायात प्रभावित हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए डीजे-धुमाल बंद कराया और आवागमन बहाल किया। जांच में सामने आया कि बराती पक्ष की ओर से खेडा निवासी गजेन्द्र वर्मा (38) ने उस्लापुर निवासी डीजे-धुमाल संचालक राकेश मनहर उर्फ राकेश भाई को बुक किया था।

थाना परिसर में खड़ी जब्त वाहन।

पुलिस ने तेज ध्वनि के कारण कोलाहल और यातायात बाधित करने को गंभीर मानते हुए आयोजक गजेन्द्र वर्मा और संचालक राकेश मनहर के खिलाफ अपराध दर्ज किया। दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 117/2026, धारा 126(2) बीएनएस तथा छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला कायम कर गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन क्रमांक सीजी 10 बीयू 6855 में स्थापित साउंड सिस्टम और साज-सज्जा को वाहन सहित जब्त कर कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर तेज ध्वनि और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो।