अब रविवार को भी बनेगा आधार… डाक विभाग की पहल: नया आधार बनवाना हो या सुधार, सब एक ही जगह

नाम, पता, मोबाइल, जन्मतिथि और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा
बिलासपुर, जांजगीर और कोरबा प्रधान डाकघरों में जारी रहेंगी सेवाएं
प्रधान डाकघर बिलासपुर में सुबह 8 से रात 8 बजे तक नामांकन और अपडेट
बच्चों को बड़ी राहत, बायोमेट्रिक अपडेट फ्री, 5 और 15 साल पूरे करने वाले बच्चों के लिए निशुल्क सुविधा
रविवार को भी बनवाएं–सुधारें आधार कार्ड

File Photo

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। आम नागरिकों को आधार से जुड़ी परेशानी से राहत देने के लिए भारतीय डाक विभाग ने बड़ी सुविधा शुरू की है। अब आधार नामांकन और अपडेट की सेवा सिर्फ कार्यदिवसों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर रविवार को भी जारी रहेगी। यह सुविधा प्रधान डाकघर बिलासपुर, जांजगीर और कोरबा में उपलब्ध कराई गई है।

बिलासपुर प्रधान डाकघर में दिनभर सुविधा
प्रधान डाकघर बिलासपुर में कार्यदिवसों के दौरान सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आधार नामांकन और अपडेट किया जा रहा है। वहीं नागरिकों की सुविधा को देखते हुए सभी चयनित प्रधान डाकघरों में प्रत्येक रविवार को भी कार्यालयीन समय तक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

नया आधार से लेकर सभी जरूरी अपडेट
जिन नागरिकों का अब तक आधार नहीं बना है, वे नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं। इसके अलावा आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, बायोमेट्रिक और केवाईसी से जुड़े सभी प्रकार के सुधार और अपडेट निर्धारित शुल्क पर किए जाएंगे।

बच्चों के लिए खुशखबरी
5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा, जिससे अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।

डाक विभाग ने की अपील
डाकघर अधीक्षक विनय कुमार प्रसाद ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि इस विशेष व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुगम, सुलभ और समयबद्ध आधार सेवाएं उपलब्ध कराना है।