
रात 2 बजे ससुराल से बेटे को ले गया, कुछ घंटे बाद शव लेकर लौटा; पहले हादसा बताया, कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म

यश विश्वकर्मा @ जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भिलौनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही छह वर्षीय बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। आरोपी पिता रमेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रमेश यादव ग्राम भैंसों का निवासी है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे वह अपने ससुराल भिलौनी पहुंचा और वहां से अपने छह वर्षीय बेटे आयुष यादव को साथ लेकर निकल गया। कुछ घंटों बाद वह बच्चे का शव लेकर वापस ससुराल पहुंचा, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
पहले बताया हादसा, पूछताछ में खुली सच्चाई
घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रमेश यादव को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे में था और साइकिल सहित नहर में गिरने से बच्चे की मौत हो गई। हालांकि पुलिस की कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी उसके शराब पीने और मारपीट से परेशान होकर दो बच्चों के साथ मायके भिलौनी में रहने लगी थी। इसी बात से नाराज होकर उसने बेटे आयुष को नहर में डुबोकर मार डाला।
पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक आयुष की मां ने पुलिस को बताया कि उसका पति रमेश यादव शराब पीने का आदी है और आए दिन गाली-गलौज व मारपीट करता था। इससे तंग आकर वह बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी। उसने यह भी बताया कि रमेश अक्सर उसे जान से मारने की धमकी देता था और कहता था कि वह उसे भी मार देगा और खुद भी मर जाएगा।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पामगढ़ थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।