

शपथ समारोह में उप मुख्यमंत्री का ऐलान, भवन कायाकल्प कार्य भी जारी
पत्रकार कॉलोनी की सड़क के लिए 8 करोड़ की सौगात
निष्पक्ष पत्रकारिता से बिलासपुर का मान बढ़ेगा
अरुण साव बोले – प्रतिबद्धता और प्रशिक्षण से सशक्त बनेगा प्रेस क्लब
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सजा शपथ समारोह
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका पर वक्ताओं ने रखा जोर

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नई टीम को शपथ दिलाई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने की। विशेष अतिथियों के रूप में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी तथा नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप मौजूद रहे।

हाल ही में संपन्न प्रेस क्लब चुनाव में अजीत मिश्रा अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उपाध्यक्ष पद पर विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप परिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिशंकर गंगवानी तथा कार्यकारी सदस्य के रूप में कैलाश यादव ने जिम्मेदारी संभाली। शपथ ग्रहण के साथ ही नई टीम ने प्रेस क्लब को नई दिशा देने का संकल्प लिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि एकजुटता और कड़ी मेहनत के बल पर प्रेस क्लब बिलासपुर नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण क्षेत्र बताते हुए निरंतर मेहनत, निष्पक्षता और प्रतिबद्धता को इसकी मूल आवश्यकता बताया। साव ने सुझाव दिया कि बड़ी संख्या में जुड़े युवा पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पत्रकारों को भी आमंत्रित किया जाए, ताकि पेशेवर दक्षता और नैतिक मानकों को और सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बिरकोना स्थित पत्रकार कॉलोनी में सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये की स्वीकृति की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रेस क्लब भवन के कायाकल्प का कार्य प्रगति पर है। न्यायधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस को चौथे स्तंभ का दर्जा प्राप्त है और मीडिया समाज व शासन के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दों पर राजधानी स्तर पर चर्चा और निर्णय होना इसकी प्रभावशीलता का प्रमाण है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्था केवल समाचार तक सीमित नहीं, बल्कि क्षेत्रीय हितों की रक्षा में भी सक्रिय है। विधायक सुशांत शुक्ला ने निष्पक्ष पत्रकारिता की सराहना करते हुए मीडिया के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी ने आभार व्यक्त किया। समारोह ने प्रेस क्लब की नई टीम के प्रति विश्वास और अपेक्षाओं को नई दिशा दी।