
ग्रामीण अंचलों के स्पाइन रोगियों को मिलेगा विश्वस्तरीय इलाज
स्पाइन फाउंडेशन इंडिया के सहयोग से तीन दिवसीय फ्री सर्जरी कैंप
डॉ. शेखर भोजराज के मार्गदर्शन में होगी निःशुल्क स्पाइन सर्जरी
कोनी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 3 से 5 अप्रैल तक विशेष स्पाइन शिविर

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। कुमार साहब स्व. दिलीप सिंह जूदेव शासकीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, कोनी में स्पाइन रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क स्पाइन उपचार एवं सर्जरी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 3, 4 और 5 अप्रैल 2026 को आयोजित होगा। शिविर का आयोजन स्पाइन फाउंडेशन इंडिया के तत्वावधान में किया जा रहा है।
विश्वप्रसिद्ध स्पाइन सर्जन रहेंगे मौजूद
शिविर में स्पाइन फाउंडेशन इंडिया से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्पाइन सर्जन डॉ. शेखर भोजराज के मार्गदर्शन में चयनित मरीजों की निःशुल्क स्पाइन सर्जरी की जाएगी। उपचार एवं शल्यक्रिया कार्य में सिम्स बिलासपुर के ऑर्थोपेडिक विभाग की सक्रिय सहभागिता रहेगी।
सिम्स में शुरू हुआ स्पाइन क्लिनिक
शिविर के लिए मरीजों की पहचान और प्राथमिक जांच हेतु सिम्स बिलासपुर के अस्थि रोग विभाग में स्पाइन क्लिनिक संचालित किया जा रहा है।
यह क्लिनिक प्रति बुधवार और शनिवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होगा, जहां मरीजों की स्क्रीनिंग, जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इन लक्षणों पर किया जाएगा सर्जरी के लिए चयन
जांच के बाद निम्न समस्याओं से पीड़ित मरीजों को सर्जरी हेतु रिफर किया जाएगा…
* पैरों तक फैलने वाला कमर दर्द
* मल एवं मूत्र नियंत्रण में परेशानी
* हाथ-पैरों में झुनझुनी या सुन्नता
* पैरों में कमजोरी
* गर्दन में दर्द
* रीढ़ की हड्डी की असामान्य वक्रता (स्कोलियोसिस/काइफो-स्कोलियोसिस)
नोडल अधिकारी से करें संपर्क
शिविर संबंधी जानकारी एवं पंजीयन के लिए नोडल अधिकारी डॉ. रवि महोबिया, अस्थि रोग विशेषज्ञ को अधिकृत किया गया है। इच्छुक मरीज उनसे संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
महंगे इलाज से राहत की पहल
यह शिविर पूरी तरह जनहित एवं सामाजिक सरोकार के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण अंचलों के स्पाइन रोगियों के लिए यह शिविर राहत और बेहतर इलाज का अवसर साबित होगा।