गहने मिलते ही बदली नीयत, मोबाइल बंद कर आरोपी ने तोड़ा संपर्क

भरोसा जीतकर उदयपुर भेजवाए लाखों के आभूषण
धारा 420 में केस दर्ज, आरोपी की तलाश तेज
राजस्थान का कारोबारी 28.70 लाख के गहने लेकर हुआ फरार
224 ग्राम सोना लिया, भुगतान में दिए सिर्फ 6,500 रुपए

File Photo

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ज्वेलरी कारोबार से जुड़ा एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। व्यापारिक लेन-देन की आड़ में राजस्थान के उदयपुर निवासी एक व्यक्ति ने स्थानीय ज्वेलर्स से लाखों रुपए के सोने के आभूषण हासिल किए और नाममात्र की रकम देकर गायब हो गया। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शो-रूम में पहुंचकर बनाया भरोसे का माहौल, खुद को प्रतिष्ठित फर्म का संचालक बताकर रचा जाल
तेलीपारा रोड स्थित श्री लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी ने बताया कि 6 मार्च 2024 को कमलेश सोनी नामक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। उसने स्वयं को राम सिल्वर, नाकोड़ा नगर, उदयपुर (राजस्थान) का संचालक बताते हुए कहा कि वह सोना-चांदी के आभूषणों का थोक व्यापारी है।

वादे के भरोसे भेज दिए लाखों के गहने, भुगतान बाद में करने का दिया आश्वासन
आरोपी ने गहनों की बिक्री के बाद पूरा भुगतान करने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने 20 मार्च 2024 को 224.670 ग्राम 22 कैरेट सोने के हार व कंगन, जिनकी कीमत करीब 28 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है, कोरियर के माध्यम से उदयपुर भेज दिए।

गहने मिले, भरोसा टूटा, 28 लाख के बदले सिर्फ 6,500 रुपए
सोने के आभूषण प्राप्त करने के बाद आरोपी ने 28 मार्च 2024 को केवल 6,500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद न तो शेष राशि दी और न ही आभूषण लौटाए। पीड़ित के बार-बार संपर्क करने पर आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा।

कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, धारा 420 में मामला दर्ज, तलाश जारी
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी कमलेश सोनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के ठिकानों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है।