
1100 नशीली गोलियां, ऑटोमेटिक पिस्टल और कारतूस जब्त
भोपाल से हो रही थी हथियारों की सप्लाई, पुराना सप्लायर गिरफ्तार
संयुक्त टीम की रेड, दो आरोपी सलाखों के पीछे

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। शहर में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनीबस्ती क्षेत्र से अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवक के घर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, ऑटोमेटिक पिस्टल, मैग्जीन और जिंदा कारतूस जप्त किए हैं। पूछताछ में हथियारों की सप्लाई भोपाल से होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने भोपाल में दबिश देकर सप्लायर को भी गिरफ्तार कर लिया।

विशेष टीम की सघन रेड, घर से निकला नशा और हथियार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सिविल लाईन, तारबाहर और पुलिस लाइन के संयुक्त बल द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मिनीबस्ती क्षेत्र में रेड कर स्वराज कुर्रे के घर की तलाशी ली, जहां से लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्राजेपाम) के साथ ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
भोपाल का सप्लायर गिरफ्तार, पहले भी दे चुका था हथियार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर करता था। जांच में सामने आया कि धीरेंद्र पूर्व में भी बिलासपुर में पिस्टल सप्लाई के मामलों में शामिल रहा है और लंबे समय से फरार था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भोपाल रवाना हुई और सटीक इनपुट के आधार पर आरोपी को दबोच लिया गया।

पूरे गिरोह पर एंड-टू-एंड एक्शन की तैयारी
पुलिस ने भोपाल से भी एक पिस्टल और दो मैग्जीन बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, वहीं धीरेंद्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और अवैध संपत्तियों की पहचान कर जब्ती की कार्रवाई भी जल्द की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
* स्वराज कुर्रे (20 वर्ष), निवासी मिनीबस्ती जरहाभाठा, थाना सिविल लाईन, बिलासपुर
* धीरेंद्र सिंह तोमर (37 वर्ष), निवासी अवधपुरी, भोपाल (म.प्र.)
आरोपियों से जब्त सामग्री
* प्रतिबंधित नशीली टेबलेट (नाइट्राजेपाम) – लगभग 1100 नग
* ऑटोमेटिक पिस्टल – 02 नग
* जिंदा कारतूस – 20 नग
* मैग्जीन – 04 नग
* धारदार लोहे का चाकू – 01 नग
* दुपहिया वाहन (CG-10-CA-8764) – 01 नग