पुरानी दुश्मनी का खौफनाक अंजाम, चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या

शनिचरी बाजार मार्ग पर सरेआम हमला, पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ वार
सिटी कोतवाली क्षेत्र में वारदात से दहशत, आरोपी फरार
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक की सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान करबला मनोहर टॉकीज के पास निवासी शानू उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शानू का कुछ स्थानीय युवकों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया।

अस्पताल में परिजनों की भीड़।

शाम 6 से 6:30 बजे के बीच हुआ हमला
बताया जा रहा है कि शानू शनिचरी बाजार से हैप्पी स्ट्रीट की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक के शरीर पर कई गहरे घाव थे और खून से सड़क लाल हो गई थी।

घटना की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है।

मृतक युवक।

आरोपी फरार, पुलिस ने तेज की तलाश
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।