पत्नी से कहा-सुनी, फिर खुद पर चला दिया चाकू, गंभीर

दीपावली की रात मातम में बदली, नशे में धुत युवक सिम्स में भर्ती

अस्पताल में गंभीर स्थिति में उपचार के लिए कराया भर्ती।

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। रोशनी और उमंग के त्योहार दीपावली की रात सरजू बगीचा क्षेत्र में तब मातम छा गया जब शराब के नशे में धुत एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद खुद को चाकू मार लिया। युवक गंभीर रूप से घायल है और सिम्स अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, सरजू बगीचा निवासी मुकेश साहू सिंधी कॉलोनी में स्थित एक किराना दुकान में काम करता है। दीपावली की शाम उसने शराब पीकर घर लौटने के बाद पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़ा इतना बढ़ा कि गुस्से में मुकेश ने घर में रखा चाकू उठाया और खुद के सीने और पेट में वार कर लिया।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। खून से लथपथ मुकेश को उसका भाई दुर्गेश और मोहल्ले के लोगों ने तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक के शरीर में गहरे जख्म हैं और हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि मुकेश को शराब की बुरी लत थी। इस वजह से अक्सर घर में कलह होती थी। दीपावली के दिन भी नशे को लेकर विवाद हुआ और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि मामला घरेलू विवाद और नशे की हालत में आत्मघाती प्रयास का प्रतीत होता है। फिलहाल जांच जारी है।