
दो आरक्षक जांच के घेरे में, कोनी थाने की घटना, फरार युवक की तलाश तेज

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। जिले से पुलिस की लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र में नाबालिग से छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किया गया युवक थाने से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार आरोपी को रातभर हिरासत में रखा गया था, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी नींद में सो गए। इसी बीच आरोपी ने हथकड़ी सरकाकर खुद को छुड़ा लिया और तड़के सुबह भाग निकला।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोनी इलाके की एक नाबालिग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोपका गार्डन सिटी निवासी स्वरित सिंह (20 वर्ष) ने उसके साथ छेड़खानी की। शिकायत मिलते ही गुरुवार शाम पुलिस ने दबिश देकर युवक को गिरफ्तार किया और थाने ले आई।
आरोपी की निगरानी के लिए दो आरक्षक रविशंकर जगत और प्रदीप पाव को ड्यूटी पर लगाया गया था। लेकिन देर रात दोनों झपकी में चले गए। उसी दौरान करीब सुबह 4 बजे आरोपी ने मौका पाकर हथकड़ी सरकाई और थाने से फरार हो गया।
सुबह जब पुलिसकर्मियों को इसकी भनक लगी तो मामले की जानकारी तत्काल थाना प्रभारी राहुल तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।
फिलहाल पुलिस ने फरार आरोपी स्वरित सिंह के खिलाफ अभिरक्षा से फरार होने का अपराध दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।