
बाइक सवार को 20 फीट तक घसीटते ले गई कार, मौके पर मौत, रतनपुर पुलिस जांच में जुटी
रतनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, कार ने 20 फीट तक घसीटा

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। रतनपुर के नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रात करीब 10.30 बजे गहलोत ढाबा के पास हुआ। मृतक की पहचान रूपेश दुबे के रूप में हुई। जो उस समय सड़क पार कर रहे थे। तभी बिलासपुर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रूपेश दुबे को करीब 20 फीट तक घसीटते हुए ले गई। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित हो गई और सड़क से दूर जाकर पलट गई। कार में सवार दो युवक घायल हो गए। लेकिन वे किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रहे। राहगीरों ने तुरंत हादसे की जानकारी रतनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि दोनों घायल युवकों का इलाज पाली के अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में मातम छा गया है। रूपेश दुबे के परिवार और दोस्तों पर इस हादसे ने गहरा आघात पहुंचाया है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि हादसे का मुख्य कारण कार की तेज रफ्तार हो सकती है। हालाँकि पुलिस द्वारा हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए और भी जांच की जा रही है। दुर्घटना के समय कार सवार युवक कहाँ से आ रहे थे और घटना के बाद पाली कैसे पहुंचे। इस बात की भी जानकारी भी जुटाई जा रही है। रतनपुर क्षेत्र में अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं, जिसके चलते पुलिस ने कई बार तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की है। लेकिन इसके बावजूद भी हादसों में कमी नहीं आ रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की अहमियत को उजागर किया है।