
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच, युवक की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। पथरिया मोड़ के पास झाड़ी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। यह घटना लोगों के बीच चिंता और अज्ञात भय का कारण बन गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष है। आसपास के लोगों ने जब झाड़ी में शव देखा, तो तुरंत जरहागांव पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव की स्थिति का आकलन किया। मृतक के पास कोई पहचान पत्र नहीं था, जिससे उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव के पास कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में सो गया था और उसकी मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई हो सकती है।

एसडीओपी पथरिया ने बताया कि फोरेंसिक टीम को भी घटना की जानकारी दी गई थी। टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव की जांच कर रही है। युवक ने सिर्फ बनियान और लोवर पहना हुआ था। जो स्थिति को और भी रहस्यमय बनाता है। शव को मुंगेली पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है। आसपास की सरकारी शराब दुकानें और अन्य स्थानीय दुकानों में लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि युवक की पहचान की जा सके। पुलिस ने मृतक की तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा किया है जिससे लोगों से सूचना मिलने की उम्मीद की जा रही है।