मुख्यमंत्री जनदर्शन के बाद कार्रवाई: जमीन हेराफेरी मामले में आरआई निलंबित

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। तखतपुर तहसील के आरआई सुरेश कुमार ठाकुर को जमीन हेराफेरी के मामले में निलंबित कर दिया गया है। यह कदम मुख्यमंत्री जनदर्शन में एक किसान की शिकायत के बाद उठाया गया है। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार शर्मा ने 8 अगस्त को रायपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई थी। अरविंद ने बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद पटवारी ने उनके छोटे भाई के साथ साजिश करके उनकी 3.92 हेक्टेयर जमीन को उनके नाम से हटाकर छोटे भाई के नाम कर दिया था।
अरविंद ने स्थानीय अधिकारियों से कई बार निवेदन किया, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन में न्याय की गुहार लगाई। इस शिकायत के आधार पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर अवनीश शरण ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरआई सुरेश कुमार ठाकुर को प्रारंभिक रूप से दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने आज एक आदेश जारी कर आरआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन के दौरान सुरेश कुमार ठाकुर का मुख्यालय भू अभिलेख शाखा बिलासपुर रखा गया है। यह कार्रवाई उन अधिकारियों के लिए एक संदेश है जो अपने पद का दुरुपयोग करते हैं। मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम आम लोगों के लिए एक प्रभावी मंच साबित हो रहा है, जहां वे अपनी समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकते हैं और त्वरित न्याय की उम्मीद कर सकते हैं।