
स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को मिली बड़ी उपलब्धि, बिलासपुर बना प्रमुख आकर्षण
यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए बिलासपुर नगर निगम ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के तहत बिलासपुर को तीन लाख से दस लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में प्रेसीडेंट्स अवॉर्ड के लिए चुना गया है। यह सम्मान आगामी 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किया जाएगा।
यह गौरवपूर्ण अवसर तब और खास हो गया जब छत्तीसगढ़ के कुल सात नगरीय निकायों को इस बार राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया गया, जिसमें बिलासपुर प्रमुख रूप से शामिल है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी चयनित निकायों को बधाई दी है।
बिलासपुर के अलावा इन नगरीय निकायों को भी मिलेगा सम्मान
कुम्हारी नगर पालिका : 20 से 50 हजार आबादी की श्रेणी में
बिल्हा नगर पंचायत : 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में
रायपुर नगर निगम : मिनिस्टरियल अवॉर्ड के लिए चयनित
अंबिकापुर नगर निगम, पाटन और बिश्रामपुर नगर पंचायत : सुपर स्वच्छता लीग (SSL) में चयनित
बिलासपुर की उपलब्धि पर शहरवासियों में हर्ष
बिलासपुर नगर निगम की इस उपलब्धि ने न केवल शहर का नाम रोशन किया है, बल्कि नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक और प्रेरित किया है। इस सफलता के पीछे निगम प्रशासन, कर्मचारियों और शहरवासियों की संयुक्त मेहनत को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
स्वच्छता की यह दौड़ थमने वाली नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि “शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार नवाचार और योजनाएं चलाई जा रही हैं। आने वाले वर्षों में और भी ज्यादा नगरीय निकाय राष्ट्रीय पुरस्कार की सूची में होंगे।”
बिलासपुर की यह सफलता न सिर्फ गौरव का विषय है, बल्कि स्वच्छता के प्रति समर्पण और सतत प्रयासों का सशक्त प्रमाण भी है।