
प्यार में असफलता से बौखलाए युवक ने चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

यश विश्वकर्मा @ बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराजपारा कुंडरूबाड़ी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां प्रेम प्रसंग में दरार आने के बाद एक युवक ने युवती की घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चिंगराजपारा कुंडरूबाड़ी निवासी प्रियंका देवांगन (21) अपने माता-पिता के साथ रहती थी। उसका मोहल्ले में ही रहने वाले सागर साहू नामक युवक के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन पिछले एक माह से प्रियंका ने सागर से बातचीत बंद कर दी थी। बताया जा रहा है कि सागर इस बात से काफी परेशान था और कई बार उसने प्रियंका से बातचीत शुरू करने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे निराशा ही हाथ लगी।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जब प्रियंका के माता-पिता घर से बाहर काम पर गए हुए थे। सागर एक बार फिर उसे मनाने उसके घर पहुंचा। उसने प्रियंका को बातचीत के लिए काफी मनाया, लेकिन जब उसने फिर से मना कर दिया तो गुस्से में आकर सागर ने अपने साथ लाए चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रियंका को कई बार चाकू से गोदा गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पड़ोसी इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सरकंडा थाना प्रभारी और टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सागर साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
क्षेत्र में बढ़ती वारदातें
यह घटना से इलाके के लोगों के दिलों में डर का माहौल बना रही है। कुछ दिनों पहले ही स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में ई-रिक्शा चालक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही हत्याओं से लोगों में खौफ बढ़ता जा रहा है।

इस मामले में सीएसपी सिद्धार्थ बघेल ने पत्रकारों को बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। आरोपी सागर साहू प्रियंका से मिलने उसके घर गया था, जहां विवाद होने पर उसने चाकू से वारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
बढ़ता आक्रोश
लगातार हो रही हत्याओं से क्षेत्रवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी सुरक्षा और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।