
भाजपा के जन घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस विधायक प्रत्याशी शैलेश पांडेय ने साधा निशाना
प्रदेश में भाजपा की सरकार 15 साल थी तब अरपा पार को अलग नगर निगम क्यों नहीं बनाया पूर्व मंत्री ने – शैलेश

बिलासपुर। भाजपा के बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के जन घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी व विधायक शैलेश पांडे ने कहा है कि 15 साल तक भाजपा शासन काल में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को अरपा पार को नया नगर निगम बनाने की याद नहीं आई अब जब चुनाव करीब है और एक हफ्ते बाद मतदान होना है, तो भाजपा उम्मीदवार बिलासपुर विधानसभा मे एजुकेशन हब बनाने, महानगर तक हवाई सेवा शुरू करने तथा गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास देने की बात कर रहे हैं केंद्र में भाजपा की सरकार है। पूर्व के 5 साल से महानगर तक हवाई सेवा के लिए बिलासपुर के लोग संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन अभी तक केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार ने देश के महानगर से बिलासपुर को हवाई सेवा से नहीं जोड़ा। कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश पांडे ने पूर्व मंत्री के जन घोषणा पत्र को लेकर कहा है कि गरीबो के मकान आवंटन का काम केंद्र की भाजपा की सरकार ने रोका है। केंद्र ने राशि नहीं दिया इसलिए गरीबों का मकान नहीं बन पाया। कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तो गरीबो के खाते में मकान बनाने के लिए राशि भी दे दिया है। 15 साल तक भाजपा बिलासपुर को बी-ग्रेड सिटी तक नहीं बनाया। शैलेश पांडे ने कहा है कि अरपा नदी को संवारने का काम कांग्रेस ने शुरू कर दिया है तब आज भाजपा को अरपा नदी में डेम की याद आ रही है। उन्होंने कहा कि अरपा पार को नया नगर निगम बनाने की तैयारी तो हमने की है। सबसे पहले कांग्रेस विधायक होने के नाते सरकंडा क्षेत्र की जनता की मांग के रूप हमने नया नगर निगम बनाने की बात कही थी। 15 साल भाजपा ने शहर की यातायात व्यवस्था को नहीं सुधारा वार्डों में चिकित्सालय नहीं खोले और ना ही भाजपा शासन काल में छात्रावास खुला। अब चुनाव के लिए पूर्व मंत्री वोट बटोरने के लिए जन घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं। शहर की जनता भाजपा के बहकावे में नहीं आएगी। शैलेश पांडे ने जन घोषणा पत्र को भाजपा का शिगुफा बताते हुए कहा है कि एक बार फिर भाजपा ने शहर की जनता को धोखा देने के लिए यह घोषणा पत्र जारी किया है। पूर्व मंत्री को शहर की जनता ने पहले ही नकार दिया है। अब प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और बिलासपुर की जनता भाजपा के बहकावे में नहीं आएगी और कांग्रेस को ही शहर की जनता का आशीर्वाद मिलेगा। शहर की जनता के मांग के अनुरूप हम शहर का संमुचित विकास करेंगे।